बसपा नेता की हत्या में आरोपी धरा
मेरठ। नौ दिसंबर 2016 को खैर नगर चौपले पर हुई बसपा नेता नासिर की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी अब्दुल वाजिद उर्फ गुड्डू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी अभी भी फरार हैं।
देहली गेट थाना क्षेत्र के खैर नगर चौपले पर एक साल पहले बसपा नेता नासिर की आधा दर्जन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घर धावा बोल तोड़फोड़ और आगजनी की थी। एसओ देहली गेट विजय गुप्ता ने बताया कि इस घटना में पांच लोगों को नामजद कराया गया था। जिनमें से चार एक ही परिवार के थे। एक आरोपी का नाम जांच के दौरान सामने आया था। तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बृहस्पतिवार को चौथे आरोपी अब्दुल वाजिद उर्फ गुड्डू को खैर नगर चौपले से गिरफ्तार किया है। वो शस्त्र कारीगर है और काफी बुजुर्ग है। एसओ ने बताया वाजिद का बेटा रहमान भी इस केस में आरोपी था, जो पहले ही पकड़ा जा चुका है। इसके दो बेटे सलमान और सारिक अभी फरार हैं।