नशीला पदार्थ देकर किशोरी से दुष्कर्म
गंगानगर/मेरठ। इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी सहित उसके दो रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिजनों ने बताया कि गांव उल्हेड़ा, गुलावठी बुलंदशहर निवासी सुमित गांव में एक परिवार में आता रहता था। करीब पांच माह पूर्व किशोरी इस परिवार में मिलने गयी हुई थी, जहां उस समय सुमित भी आया हुआ था। आरोप है कि सुमित ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर किशोरी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। उसके बाद दुष्कर्म किया। इस घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गयी तो आरोपी सुमित फिर गांव में पहुंचा और उसे गर्भपात की दवाई दे गया। जिसे खाकर किशोरी की हालत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा पूछताछ में किशोरी ने आपबीती बताई, तो इसका खुलासा हुआ।
बृहस्पतिवार को परिजन इंचौली थाने पहुंचे और आरोपी सुमित, उसकी बुआ सविता और सविता के पति पप्पू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एसओ इंचौली पंकज शर्मा के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।