शहर में सन्नाटा, फोर्स का फ्लैग मार्च
मेरठ।
सोमवार को हुए बवाल के बाद मंगलवार को शहर सन्नाटे की जद में रहा। पुलिस फोर्स दिनभर शहर और मुख्य मार्गों पर मूवमेंट करती रही। इंटरनेट सेवा बंद होने से लोग एक दूसरे से फोन पर शहर के बार में जानकारी लेते रहे।
सोमवार को शहर में सबसे ज्यादा उपद्रव कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-58 पर हुआ। वहीं कचहरी स्थित अंबेडकर चौराहे पर हुई तोड़फोड़, फायरिंग और आगजनी की घटना के बाद अधिकांश बाजार बंद हो गए थे। मंगलवार सुबह दस बजे से ही शहर में सन्नाटे जैसी स्थिति बनी रही। 12वीं तक सभी स्कूल व कॉलेज बंद रहने से भी सड़कें सूनी रहीं। कचहरी के बाहर भी और दिनों की तुलना में मंगलवार को कम वाहन ही खड़े थे। पीएल शर्मा रोड की अधिकांश दुकानें नहीं खुली। ईस्टर्न कचहरी रोड, वेस्टर्न कचहरी रोड, बच्चा पार्क, बेगमब्रिज रोड, बेगमपुल, लालकुर्ती बाजार में सड़क सुनसान पड़ी रहीं। यही हाल गढ़ रोड का रहा। भीड़भाड़ वाले स्थान जीरो माइल में सिर्फ आने जाने वाले वाहन ही नजर आ रहे थे। कमिश्नर आवास चौराहा पर भी सुनसान रहा। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में कुछ ही दुकानें खुली। हापुड़ अड्डा चौराहे पर ई रिक्शा व ऑटो ही नजर आ रहे थे। गढ़ रोड और दिल्ली रोड पर बस अड्डे के बाहर भी सड़क खाली सी नजर आई।