खरखौदा। ऑनलाइन मंगाने पर फोन के बदले डाक से आए पार्सल में देवी-देवताओं की तस्वीरें निकलीं। डाकिए ने पार्सल के 4500 रुपये मांगे। इस पर ग्राहक ने डाकिये की पिटाई कर दी। इस पर डाकिये ने थाने में तहरीर दी है। उधर, आरोपी युवक ने पुलिस से कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की है।
मोहल्ला तिहाई निवासी सोनू पुत्र योगेश त्यागी ने तीन दिन पहले एमआई कंपनी का फोन खरीदने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। डाकघर से डाकिया नेपाल त्यागी बुधवार को पार्सल लेेकर पहुंचा। डाकिया ने सोनू को पार्सल दिया। जिसमें डाकिये ने पार्सल पर अंकित 4500 रुपये मांगे। सोनू ने पहले पार्सल को खोलकर देखा। पार्सल में देवी देवताओं की तस्वीरें मिलीं। इस पर सोनू पार्सल को डाकिये को वापस करने लगा। जिस पर डाकिये ने पार्सल लेने से इनकार कर दिया तथा 4500 रुपये मांगे। आरोप है कि बाद में सोनू व उसका डाकिये से मारपीट कर पार्सल लेकर भाग गए। इस पर डाकिया नेपाल त्यागी ने थाने में तहरीर दी। वहीं, कुछ देर बाद ही सोनू पक्ष के कई लोग भी थाने पहुंचे तथा कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की तहरीर दी।