गंगानगर (मेरठ)। मवाना रोड स्थित ट्रांसलेम एकेडमी इंटरनेशनल में कश्मीरी शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई करने पर बखेड़ा हो गया। परिजन जब स्कूल प्रशासन से मिलने पहुंचे तो उनसे बदसलूकी की गई, जिस पर परिजनों, हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने जमकर हंगामा काटा। करीब दो घंटे तक स्कूल में अफरातफरी रही। कश्मीरी शिक्षक को स्कूल से निकालने की बात पर परिजन शांत हुए।
पुलिस के अनुसार बिजनौर के थाना चांदपुर के गांव काजीशोरा निवासी डॉ. विकास तोमर चिकित्सक हैं। उनका बेटा पुलकित तोमर मवाना रोड रजपुरा स्थित ट्रांसलेम एकेडमी इंटरनेशनल में कक्षा 10 का छात्र है। डॉ. तोमर के मुताबिक बुधवार रात उनका बेटा पुलकित मेस से खाना खाकर अन्य छात्रों के साथ वापस लौट रहा था। तभी लाइट जाने पर छात्रों ने हूटिंग कर दी। उसके बाद सभी छात्र हॉस्टल में आ गए।
आरोप है कि स्कूल के बॉयोलाजी के कश्मीरी शिक्षक तौसीफ ने हॉस्टल पहुंचकर पुलकित को पीटना शुरू कर दिया। बाद में उसे कमरे में बंद कर दिया। परिजनों के मुताबिक किसी तरह पुलकित ने घर पर कॉल की। बृहस्पतिवार को डॉ. तोमर अन्य लोगों के साथ स्कूल में डायरेक्टर से मिलने पहुंचे तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया। आरोप है कि डायरेक्टर के साथ एक व्यक्ति ने उनके साथ धक्कामुक्की करते हुए पिस्टल दिखाकर बाहर कर दिया। जानकारी होने पर दोपहर को राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष विपिन भारद्वाज, केडी जायसवाल, रालोद से विरेंद्र सिंह आदि पहुंच गए। आरोप है कि डायरेक्टर सीमांत जैन ने उनसे भी कुशल व्यवहार नहीं किया। जिसको लेकर लोग और ज्यादा भड़क गए। हंगामे के दौरान मुरादाबाद निवासी खुशी सिरोही व मंथन गोयल के परिजन भी स्कूल पहुंचे और शिक्षकों द्वारा पिटाई करने व सुविधाएं न देने का आरोप लगाया।
इस बीच पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दुष्यंत तोमर, गौरव गर्ग, अर्जुन राठी आदि डायरेक्टर के केबिन में घुस गए और हंगामा किया। सूचना पर गंगानगर थाना पुलिस और यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। काफी हंगामे के बाद स्कूल प्रशासन द्वारा कश्मीरी शिक्षक को स्कूल से निकालने के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
छात्रों ने लगाए भारत माता की जय के नारे
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दुष्यंत तोमर व अन्य छात्रों ने स्कूल प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया। छात्रों की पुलिस व डायरेक्टर से तीखी नोकझोंक हुई। छात्रों ने डायरेक्टर ऑफिस में वंदेमातरम, भारत माता की जय के नारे लगाए। चेतावनी दी कि इस तरह का उत्पीड़न बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
स्कूल प्रशासन का यह है कहना
स्कूल की प्रशासनिक प्रमुख संध्या त्यागी ने बताया कि हम हमेशा परिजनों के साथ हैं। परिजनों की शिकायत पर शिक्षक को तुरंत निकाल दिया गया है। वहीं, बोर्डिंग के छात्रों के परिजनों को बुलाकर उनके बात कर समस्याएं पूछी जाएंगी।
मुख्यमंत्री से शिकायत
डॉ. विकास तोमर ने बताया कि वह पैथोलॉजी लैब चलाते हैं और बिजनौर के जिला समरसता प्रमुख भी हैं। जबकि उनके पिता डिप्टी एसपी रहे हैं। उन्होंने शिक्षक की शिकायत को मुख्यमंत्री, बाल विकास एवं मानवाधिकार आयोग, शिक्षा मंत्री व सीबीएसई बोर्ड डायरेक्टर को मेल के माध्यम से भेजने की बात कही।