मेरठ। भावनपुर निवासी एक युवक पर बाराबंकी निवासी एक व्यक्ति ने ऑनलाइन मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी है कि युवक ने फेसबुक पर बाबा साहब पर अभद्र टिप्पणी की और उनकी आपत्तिजनक फोटो शेयर की।
भावनपुर पुलिस के अनुसार बाराबंकी के थाना मसौली क्षेत्र के गांव पहलीपार निवासी देशराज गौतम पुत्र रामचंद्र ने यह शिकायत की। जिसमें भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव किनानगर निवासी संग्राम सिंह पर आरोप लगाया कि उसने बाबा साहब की फोटो के साथ छेड़छाड़ की और उस पर आपत्तिजनक कमेंट्स लिखकर उसे फेसबुक पर शेयर किया। उसने इसकी शिकायत साइबर सेल में की थी। शिकायत के आधार पर फेसबुक आईडी के संबंध में जांच पड़ताल की गई तो मामला मेरठ के भावनपुर क्षेत्र से संबंधित निकला। एसओ भावनपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि साइबर सेल की जांच के बाद एसपी क्राइम के आदेश पर संग्राम सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होगी।