निवाड़ी में मेढ़ बांधने को लेकर बवाल, फायरिंग
मोदीनगर (गाजियाबाद)। निवाड़ी थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव में खेत की मेढ़ बांधने को लेकर बुधवार को जमकर बवाल हुआ। गोली चलने और बलकटी से दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। दोनों ओर से एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
निवाड़ी थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव में संजय त्यागी और विनोद त्यागी परिवार सहित रहते हैं। गांव में ही दोनों के अगल-बगल खेत हैं। बुधवार को खेत की मेढ़ बांधने को लेकर हुआ विवाद पल में ही हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि संजय त्यागी ने विनोद पर बलकटी से हमला कर दिया। जिससे विनोद गंभीर रुप से घायल हो गया। इस पर विनोद ने भी संजय पर लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। गोली संजय के कंधे को छूकर निकल गई। इसके बाद दोनों ओर से लोग भी आ गए और जमकर मारपीट हुई। इसमें संजय भी गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव में तनाव का माहौल है। घायल संजय और विनोद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ रवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोग घायल हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से 6 लोगों को हिरासत मे लिया है। एसओ रवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों का मेढ़ को ही लेकर कई बार झगड़ा हो चुका है। हालांकि तब सिर्फ दोनों पक्षों से कहासुनी ही हुई थी। खेत की मेढ़ को ही लेकर दोनों में रंजिश चली आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।