मेरठ। मेडिकल अस्पताल से शनिवार को नवजात के अपहरण के मामले में मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने चुप्पी साध ली है। नवजात बच्ची को कौन ले गया, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे बुर्कानशीं दो महिलाओं ने मेडिकल के गायनिक वार्ड में भर्ती गांव बली मवाना निवासी शमा की नवजात बच्ची का अपहरण कर लिया था। इन महिलाओं ने बच्ची की नानी को कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बच्ची को अपने हाथों में लिया था। एसओ मेडिकल मोहम्मद असलम का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की गई। लेकिन नवजात को ले जाने वाली महिलाओं का कोई पता नहीं चल पाया। पीड़ित परिवार ने तहरीर देने से मना कर दिया था। शनिवार रात को ही परिजन महिला की छुट्टी कराकर ले गये। पूरे मामले में कुछ संदेह लग रहा है। उधर, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी इस संबंध में किसी बयान से मना कर दिया।