मेरठ। शिकायती पत्र पर मोहर लगाने के नाम पर मुंशी द्वारा 100 रुपये घूस लेने से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने रविवार को थाना टीपी नगर घेरकर हंगामा किया। आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद एसओ ने कार्रवाई नहीं की।
थाने पहुंचे ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए बताया कि एक ट्रांसपोर्टर के तीन दिन पहले मकान के कागज कहीं गिर गए थे। जिसके बाद ट्रांसपोर्टर ने थानाध्यक्ष को मामले की जानकारी दी। लेकिन टीपी नगर पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नही की। ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने भी थानाध्यक्ष से ब्रिजेश शर्मा से बात की तो एसओ ने मामले में सही जानकारी नही दी। गौरव शर्मा ने बताया कि इसके बाद ट्रांसपोर्टर ने 100 रुपये देकर मुंशी से प्रार्थनापत्र पर मोहर लगवा ली। ट्रांसपोर्टर से 100 रुपये लेने को लेकर एसोसिएशन के सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान दीपक गांधी, महामंत्री राजू रहलन, देवी चरण सेन, शिवम विनायक, सुरेंद्र शर्मा, रविकांत राठी, पंकज अनेजा, नवीन शर्मा, विजय विनायक, गौतम, दीपक गुप्ता, अशोक शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस संबंध में एसओ टीपी नगर का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात मुंशी पर 100 रुपये लेने का आरोप लगाया है। लिखित में शिकायत नहीं मिली है। सोमवार को मुंशी को बुलाकर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- मुंशी पर लगाया एक ट्रांसपोर्टर से 100 लेने का आरोप, हंगामा किया