वैली बाजार में शनिवार को बरेली के सराफ से 20 लाख का सोना लूटकर ले जाने के मामले में रविवार को केस दर्ज कराया गया। सराफ के साथ थाना देहली गेट पहुंचे संयुक्त व्यापार संघ के नेताओं और सराफा कारोबारियों ने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
गौरतलब है कि बरेली के साहूकारा बाजार निवासी सराफ मुकेश रस्तोगी से शनिवार को वैली बाजार में दो बदमाशों ने चेकिंग का झांसा देकर उनका 20 लाख का सोना लूट लिया था। सराफ मुकेश के अनुसार वह इस वारदात से इतना घबरा गए थे कि बिना रिपोर्ट दर्ज कराए बरेली लौट गए थे। रविवार को पीड़ित सराफ मेरठ पहुंचा। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, अरुण वशिष्ठ, बुलियन ट्रेडर्स के सचिव विजय आनंद सराफ आदि कई व्यापारियों के साथ थाने पहुंचकर इस घटना की जानकारी दी। सराफा व्यापारियों ने बताया कि करीब दो साल पहले भी बाजार में इस तरह की घटना हुई थी। जिसका एक आरोपी पकड़ा गया था। उसका हुलिया भी बरेली के सराफ द्वारा बताए जा रहे बदमाश के हुलिये जैसा ही था। सराफ ने इंस्पेक्टर को घटना की तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुरानी घटनाएं खोलो इंस्पेक्टर साहब
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने इंस्पेक्टर देहली गेट से कहा कि सराफा बाजार में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस को वहां पिकेट और गश्त बढ़ानी चाहिए। संघ के महामंत्री अरुण वशिष्ठ, दिनेश रस्तोगी, विजय आनंद, अरुण वर्मा ने कहा कि दो माह पूर्व नील की गली और कागजी बाजार में दो व्यापारियों के साथ दिनदहाडे़ लाखों की लूट हुई थी। लेकिन अभी तक बदमाश नहीं पकड़ा गया। इसका भी जल्द खुलासा होना चाहिए। इंस्पेक्टर मिथलेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस पुराने केस के खुलासे के पूरे प्रयास कर रही है। हालांकि इंस्पेक्टर ने सराफ मुकेश के साथ हुई घटना को संदिग्ध बताया है।