मेरठ। सदर के गंज बाजार में शुक्रवार आधी रात दुकान खोलने पर व्यापारी और सिपाही में भिड़ंत हो गई। सिपाही पर व्यापारी की पिटाई करने का आरोप लगाते हुए शनिवार सुबह व्यापारियों ने बाजार बंद कर थाना घेर लिया। पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए आरोपी सिपाही को सस्पेंड करने की मांग की। मामला एसएसपी तक पहुंचा तो उन्होंने सिपाही को सस्पेंड कर दिया।
गंज बाजार में अनुज चौरसिया की चौरसिया शिकंजी एवं पान भंडार के नाम से दुकान हैं। शुक्रवार आधी रात दुकान खुल रही थी। इसकी शिकायत किसी ने यूपी-100 को दी। जिस पर सदर थाने के फैंटम सिपाही रियाज खान एक दरोगा के साथ पहुंचा था। दुकान बंद कराने को लेकर रियाज और अनुज में झड़प हो गई। आरोप कि सिपाही ने अनुज से मारपीट कर दी। अनुज की सूचना पर शनिवार सुबह संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, कमल ठाकुर समेत दर्जनों व्यापारी नेता पहुंच गए। बाजार बंद कराकर व्यापारियों ने सदर थाने पर हंगामा कर दिया। एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। दरोगा की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। दुकान बंद कराने का मामला था या कुछ और, इसकी गंभीरता से जांच कराई जा रही हैं।
अब पुलिस मांगती है रंगदारी
व्यापारी नेता कमल ठाकुर ने आरोप लगाया कि सिपाही व्यापारी से रंगदारी मांग रहा था। सिपाही ने कहा कि अगर रात में दुकान खोलनी है तो पुलिस को पैसा देना होगा। एतराज करने पर सिपाही ने व्यापारी की पिटाई की। सपा और बसपा सरकार में बदमाश व्यापारियों से रंगदारी मांगते थे। लेकिन इस सरकार में पुलिस रंगदारी मांग रही है। व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो वह सड़कों पर आंदोलन करेंगे।
खास बात
शुक्रवार आधी रात दुकान खोलने पर हुआ था बखेड़ा
व्यापारियों ने बाजार बंद का थाना घेरा, नारेबाजी