- नाराज भीड़ ने आरोपी को धुना, थाने ले जाकर सौंपा
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना में जुआ खेलने के दौरान दो युवकों में मारपीट हो गई। इस दौरान आंख में चोट लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। वहीं गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़कर जमकर धुना और थाने ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।
मलियाना में पानी की टंकी के निकट रविवार को गॉडविल पुत्र रमेश और विकास पुत्र तेजपाल जुआ खेल रहे थे। तभी दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों में मारपीट हो गई। हाथापाई के दौरान गॉडविल की आंख में चोट लग गई। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची युवक की पत्नी दीपा ने पहले उसे जिला अस्पताल ले गई और फिर मेडिकल में भर्ती कराया। यहां से डॉक्टरों ने सुभारती कॉलेज और फिर दिल्ली रेफर कर दिया।
आरोपी को धुना
हंगामा होते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने आरोपी विकास को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। सूचना के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद लोगों ने आरोपी को थाने लाकर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं लोगों में चौकी इंचार्ज के खिलाफ भी नाराजगी दिखाई दी। उन्होंने बताया कि कई बार क्षेत्र में जुए, अवैध शराब की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती। वहीं इस मामले में इंस्पेक्टर प्रमोद गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।