- हिंदू जागरण मंच का सदर थाने पर हंगामा, महानगर अध्यक्ष ने दी तहरीर
- शनिवार रात मचाया था हुड़दंग, कई वाहनों में मारी थी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। आबूलेन पर शनिवार रात हुड़दंग मचाने वाले बाइक सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ सोमवार को सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
शनिवार रात बाइक सवार कई युवकों ने आबूलेन क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाते हुए कई वाहनों में टक्कर मार दी थी। विरोध करने पर कुछ लोगों से अभद्रता भी की थी। इस दौरान आबूलेन पर मौजूद रहे हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही ने पुलिस को सूचित किया था। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही हुड़दंगी फरार हो गए थे। रविवार सुबह हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में सदर थाने में हंगामा किया। उनका कहना था कि एक तरफ पूरा देश आतंकी हमलों में शहीद जवानों के लिए शोक में डूबा है। वहीं, दूसरी तरफ इस तरह के हुड़दंग मचाने का कोई औचित्य ही नहीं बनता। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया।
थानाध्यक्ष सदर बाजार विजय गुप्ता के अनुसार सचिन सिरोही की तहरीर पर अज्ञात हुड़दंगियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, अभद्रता, जान से मारने की धमकी, चोरी और नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। हुड़दंगियों की पहचान आबूलेन बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। दो वाहनों के नंबर भी मिल गए हैं। आरटीओ ऑफिस से उनका विवरण निकलवाकर पहचान कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।