तेजाब पीड़ितों की दिया जाएगा निशुल्क उपचार
मेरठ। महिला खिलाड़ियों पर तेजाब डालने की घटना पर एसिड सरवाइवर्स एंड वुमन वेलफेयर फाउंडेशन की टीम ने अस्पताल जाकर पीड़ितों का हाल जाना। उन्होंने एसएसपी से मिलकर भी पीड़ितों के इलाज और सरकारी मदद के बारे में बात की।
फाउंडेशन के यूपी चैप्टर के पीआरओ चंद्रेश मिश्रा की टीम बृहस्पतिवार को दयानंद अस्पताल पहुंची। टीम ने पीड़ित युवती और उसके परिजनों से बात की। उन्हें बताया कि तेजाब हमलों के पीड़ितों को सरकारी मदद के अलावा उनके इलाज की भी बेहतर सुविधा दी जाती है। कोर्ट के निर्देश हैं कि सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में पीड़ितों का निशुल्क इलाज किया जाएगा। चंद्रेश ने पीड़ितों से कहा कि यदि वे चाहें तो फाउंडेशन द्वारा दिल्ली के बडे़ अस्पताल में उनके इलाज की व्यवस्था की जा सकती है, लेकिन परिजनों ने फिलहाल यहीं के इलाज पर संतुष्टि जताई। इसके बाद टीम ने एसएसपी मंजिल सैनी से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी ,पर्याप्त सुरक्षा और बेहतर उपचार का अनुरोध किया। साथ ही सरकारी मदद की योजनाओं के बारे में बात की। चंद्रेश के अनुसार उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बारे में अस्पताल को भी अवगत कराया है। वहीं विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने भी अस्पताल में पीड़ित युवती के परिजनों से मुलाकात की। सपा नेता अतुल प्रधान सहित भाजपा और बसपा के नेताओं ने परिजनों को भरोसा दिया कि वे उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।
एक बार फिर होगी डॉक्टरी
चंद्रेश मिश्रा ने बताया कि इस केस में पीड़ितों को तीन से पांच लाख की सरकारी आर्थिक मदद मिलती है। ये राशि पीड़ित के जलने के प्रतिशत पर तय होती है। इसके लिए कुछ बिंदुओं पर डॉक्टरी रिपोर्ट की जरूरत होती है। उनकी फिर से सरकारी डॉक्टरी कराई जाएगी, ताकि उस रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों को मदद मिल सके।
एसएसपी बोलीं, खुद देख रही हूं केस
एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने बताया कि इस केस को वे खुद देख रही हैं। एएसपी और क्राइम ब्रांच टीम ने लगातार अपडेट ली जा रही है। हर बिंदु पर जांच चल रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।