जैन मंदिर में ताला तोड़ लाखों की चोरी
मोदीनगर। आदर्श नगर कालोनी स्थित जैन मंदिर का ताला तोड़कर चोर चांदी के बर्तन और दानपात्र ले गए। घटना मंगलवार रात की है। मंदिर के संरक्षक के अनुसार लाखों कीमत का सामान चोरी हुआ है और दानपात्र में करीब 50 हजार रुपये थे। संरक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बुधवार दोपहर के समय फारेंसिक टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया।
कोतवाली क्षेत्र की आदर्श नगर कालोनी में तीन साल पुराना चंद्र प्रभु दिगंबर जैन मंदिर है। राजेंद्र नगर निवासी रजनीश मंदिर के संरक्षक हैं। मंगलवार रात करीब 11.15 बजे वे मंदिर के मेन गेट पर ताला लगाकर घर चले गए। रजनीश के अनुसार, रात में किसी समय चोरों ने मंदिर के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोर पहली मंजिल पर स्थित मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोर मंदिर में रखे चांदी के सात कलश, चांदी के पांच पंचमेरू सहित आलमारी में रखे चांदी के पूजा के बर्तन उठा ले गए। इसके अलावा मंदिर में रखे दानपात्र भी चोर उठा ले गए। बुधवार सुबह रजनीश पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे, तो गेट का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो चोरी का पता चला। एएसपी रवि कुमार ने बताया कि संरक्षक रजनीश जैन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोपहर बाद फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की।
मकान में लगा सीसीटीवी कैमरा खराब
आदर्श नगर कालोनी में प्रवेश करते ही एक मकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, लेकिन वह कई दिनों से खराब है। जैन समाज का कहना है कि अगर सीसीटीवी कैमरा चालू होता तो जरूर कुछ पता चलता। मंदिर के आसपास एक मात्र यही कैमरा लगा हुआ है।