दवा व्यापारियों ने दुकानें बंद कर जताया विरोध
मेरठ। दवा व्यापारी और उनके पुत्र पर हमले के विरोध में खैर नगर के दवा व्यापारियों ने तीन घंटे के लिए सांकेतिक रूप से बाजार बंद कर विरोध जताया। सूचना पर पहुंचीं एसएसपी और एसपी सिटी से व्यापारियों ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
बृहस्पतिवार रात खैर नगर से दुकान बंद कर लौट रहे दवा कारोबारी प्रवीण अरोड़ा और उनके बेटे प्रखर अरोड़ा से न्यू मोहनपुरी में बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की थी। असफल होने पर दोनों को गोली मारकर घायल कर दिया था। इस घटना से आक्रोशित दवा व्यापारियों ने शुक्रवार सुबह खैर नगर मार्केट में अपनी दुकानें नहीं खोलीं। इसके बाद व्यापारी एकत्रित हो गए। सूचना पर सीओ दिनेश शुक्ल, एसओ देहली गेट विजय गुप्ता व्यापारियों के बीच पहुंचे।
व्यापारियों ने कहा कि खैर नगर दवा की थोक मार्केट है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर यहां कोई पुलिस पिकेट नहीं है। व्यापारियों का कहना था कि दुकानें बंद कर घर जाने का समय भी रोजाना लगभग एक जैसा है। ऐसे में पुलिस को रात को आठ से 11 के बीच शहर में गश्त मजबूत करनी चाहिए। एसपी सिटी के आश्वासन पर व्यापारियों ने दोपहर 12 बजे के बाद अपनी दुकानें खोलीं।
हमें सुरक्षा चाहिए
शाम को एसएसपी व्यापारियों के बीच पहुंचीं। व्यापारियों ने कहा कि इस घटना के बाद व्यापारी खुद को असुरक्षित समझ रहे हैं। उन्होंने दवा व्यापारी और बेटे के हमलावरों की तीन दिन में गिरफ्तारी, बाजार में पुलिस पिकेट की तैनाती, गश्त के साथ सुरक्षा की मांग की। एसएसपी ने भरोसा दिया कि पुलिस केस में जुटी है। जल्द ही केस वर्क आउट होगा। इस मौके पर व्यापारी नेता नवीन गुप्ता, अरुण वशिष्ठ, जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश गुप्ता, महामंत्री रजनीश कौशल, मनोज शर्मा, आनंद सरकार, मनजीत सिंह, विजय कुमार, गुड्डे आदि थे।
दिखावे को होती है चेकिंग
व्यापारियों को जब बताया गया कि हमलावर चोरी की बाइक से आए थे तो भीड़ में शामिल एक व्यापारी ने कहा कि पुलिस दिखावे को तो जगह-जगह चेकिंग करती है, लेकिन चोरी की बाइक उनसे पकड़ी नहीं जाती। कुछ व्यापारियों ने कहा कि शहर में अपराध लगातार बढ़ रहा है।
केस में पुलिस फिलहाल खाली हाथ
दवा व्यापारी और उसके बेटे पर हमले के मामले में पुलिस फिलहाल खाली हाथ है। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के कुछ जगहों की सीसीटीवी फुटेज ली, लेकिन इनमें बदमाशों के चेहरे साफ नहीं है। इसके अलावा खैर नगर से न्यू मोहनपुरी तक जिस रास्ते से व्यापारी गुजरे थे बीच में कुछ दुकानों पर भी फुटेज चैक की जा रही है। क्राइम ब्रांच टीम भी जुटी है।
इस केस में कई टीमें लगाई गई हैं। क्राइम ब्रांच की टीम भी जुटी है। उन्होंने अस्पताल जाकर दोनों व्यापारियों से बात की, लेकिन वे भी किसी से रंजिश से इंकार कर रहे हैं। मंजिल सैनी दहल, एसएसपी