मेरठ। घंटाघर क्षेत्र में खुले में कटान और मीट की बिक्री करने वालों के खिलाफ बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अमला सड़कों पर उतर गया। एफडीए टीम और भारी भरकम फोर्स के साथ बिना लाइसेंस और मानक पूरे ना करने पर चार मीट की दुकानों को सीज कर दिया गया। ढाई घंटे चले अभियान में दुकानदारों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस से नोकझोंक की। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, चीफ फूड आफिसर सर्वेश मिश्रा ,सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, एसओ देहली गेट विजय गुप्ता ने भारी पुलिस बल के साथ ये कार्रवाई शुरू की। एसपी सिटी ऑफिस के पास मीट दुकानदार अपनी दुकानों के शटर डालकर भाग गए। उन्होंने पानी डालकर फर्श भी साफ कर दिया। अफसर दुकानों पर पहुंचे और दुकान खुलवाकर देखी तो अंदर बुराहाल था।
सील लगते ही आने लगे दुकानदार
अफसरों ने जैसे ही बंद दुकानों को सील कराना शुरू किया इनके दुकानदार सामने आ गए। कुछ ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने लाइसेंस के लिए नगर निगम और एफडीए में आवेदन किया हुआ है। हंगामे के बीच एफडीए टीम ने चार दुकानें सील कर दीं। वहीं युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली सहित कुछ लोग दुकानदारों के पक्ष में पहुंचे। सबने लाइसेंस का आवेदन किया हुआ है। विभाग ने नहीं बनाया तो इसमें उनकी क्या गलती है। उन्होंने कुछ दिनों की मोहलत मांगी, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट ने मना कर दिया। वहीं दुकानों की जांच के दौरान होटल व्यापारी हाजी एजाजुद्दीन ने अपना लाइसेंस दिखाया तो अफसरों ने दूसरे मीट दुकानदारों को इसे दिखाकर कहा देखो ऐसा होता है लाइसेंस।
अलकरीम होटल से मिले घरेलू गैस सिलेंडर, मीट का नमूना भी लिया
सिटी मजिस्ट्रेट के अनुसार अल करीम होटल में 52 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। टीम ने आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को बुलाकर इन्हें कब्जे में ले लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस बात की जांच होगी कि ये सिलेंडर किस एजेंसी के हैं। इस तरह होटल में कैसे पहुंचे। इनमें फर्जी कनेक्शनों का खेल तो नही है। इनकी जांच होगी। होटल से मटन ग्रेवी का नमूना भी एफडीए टीम ने लिया।
भाजपा नेता के खिलाफ नारेबाजी
मेरठ। मीट की दुकानें सील होने के बाद क्षेत्र के दुकानदार एकत्रित होकर बातचीत कर रहे थे। युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली भी वहां थे। इसी दौरान वहां भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गुजरे। उन्हें देख दुकानदारों ने भाजपा और कमल दत्त के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध में नारेबाजी देख, कमल दत्त के साथ जा रहे कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। उस वक्त सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल और एसओ देहली गेट विजय गुप्ता कुछ ही दूर घंटाघर चौकी पर बैठे थे। वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और माहौल संभाला। भाजपा नेता कमल दत्त का कहना था कि उन्हें पीएल शर्मा रोड पर जाना था। उन्हें देख मुस्लिम युवकों ने नारेबाजी की। वे पुलिस चौकी पर गए तो वहां भी उन्होंने घुसने की कोशिश की। एसओ देहली गेट ने बताया कि कमल दत्त दूसरे मामले में आए थे।