अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। ईकड़ी गांव में संपत्ति के बंटवारे को लेकर एक परिवार के लोगों में विवाद चल रहा है। इसमें मंगलवार रात एक महिला के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा दी। जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। उसे मेरठ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में बुधवार को महिला के परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ईकड़ी गांव निवासी जितेंद्र पुत्र पप्पू सिंह ने बताया कि परिवार के ही लोगों से उसका संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। वह मंगलवार रात काम से बाहर गया हुआ था। उसकी पत्नी बेबी घर में अकेली थी। इसी दौरान उसका चाचा व चाची वहां पहुंचे और उसकी पत्नी के ऊपर केरोसीन उडे़लकर आग लगा दी। जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण उस ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी फरार हो गए। वहां पहुंचे लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और महिला के पति को फोन करके मामले की जानकारी दी। वहीं, जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बुरी तरह झुलसी महिला को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। जिसमें उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में जितेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच कराई जा रही है।