अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़। ग्राम ऐतमादपुर से बुधवार दोपहर इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर लौट रहे कार सवार तीन छात्रों पर बाइक सवार दो सगे भाइयों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी तथा धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित छात्र ने उक्त दोनों भाइयों के खिलाफ घटना की तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
नगर के मोहल्ला पूठी दरवाजा निवासी आशीष पुत्र विजयपाल बुधवार को अपने दो साथी निशांत एवं पीयूष के साथ अल्टो कार से ग्राम ऐतमादपुर स्थित कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर लौट रहे थे। कार सवार छात्र नगर के रजवाहे की पटरी पर पहुंचे, तभी बाइक सवार दो सगे भाइयों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से कार के ऊपर फायरिंग कर दी। किसी तरह तीनों छात्रों ने अपनी जान बचाई और शोर मचा दिया। आसपास के लोग ने फायरिंग होता देख उस ओर दौडे़, लेकिन दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित छात्र आशीष ने दोनों सगे भाइयों को नामजद करते हुए तहरीर दी। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष शिवदत्त सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद चला आ रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
पीड़ित छात्र ने हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी
दुकानदार से मारपीट, लूटपाट की
परीक्षितगढ़। गांव अगवानपुर निवासी एक दुकानदार को देर शाम तीन युवकों ने गालीगलौज कर लाठी-डंडे से मारपीट करके घायल कर दिया। आरोपी गल्ले में रखे तीस हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने बुधवार को थाने पहुंचकर एक युवक को नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम अगवानपुर निवासी अजय ने बुधवार को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे नजदीक के गांव निवासी एक युवक अपने दो अज्ञात साथियों के साथ दुकान पर आया और उसके साथ गालीगलौज कर लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि उक्त युवक गल्ले में रखे 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने बुधवार को थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांचकर रही है। वहीं, थानाध्यक्ष शिवदत्त ने बताया कि दुकानदार से मामूली मारपीट हुई है। वहीं, 30 हजार रुपये लूटने की घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।