मेरठ। पर्स लूट के प्रयास का हल्ला मचा तो पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी कर ली। आरोपी ने बाइक से सिपाही को टक्कर मार दी। जिसमें सिपाही का पैर टूट गया। आरोपी को पब्लिक ने पकड़ लिया। सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, एसओ द्वारा समझौते के प्रयास में जुटने की शिकायत पर एएसपी कैंट ने तुरंत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
एएसपी कैंट सतपाल सिंह के मुताबिक एक दंपति बाइक से जा रहा था। जैननगर तिराहे पर बाइक सवार दंपति से एक लुटेरे ने पर्स छीनने का प्रयास किया। दंपति के शोर मचाने पर तिराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी की घेराबंदी की तो आरोपी ने सिपाही रविंद्र कुमार को बाइक से टक्कर दे मारी। जिस पर सिपाही के पैर में फैक्चर आ गया। इस बीच दंपति भी वहां से चला गया।
उधर, आरोपी के पक्ष के दर्जनों लोग थाना रेलवे रोड पहुंचे। एसओ आरोपी पक्ष की बात सुनकर समझौता करने को तैयार हो गए। इसकी जानकारी लगने पर एएसपी सतपाल सिंह ने एसओ को निर्देश दिए कि तुरंत पुलिस की तरफ से केस दर्ज करो। एएसपी ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज होगा। सिपाही का इलाज चल रहा है। पर्स छीनने के प्रयास की शिकायत करने वालों का पता लगाया जा रहा है।