छेड़छाड़ का विरोध करने पर कैंपस में छात्रा को पीटा
कैंपस में एक छात्र कर रहा था काफी समय से छात्रा को परेशान
छात्रा ने शिकायत की तो आरोपी ने कर दी मारपीट, चौकी इंचार्ज से भी की बदसलूकी
कैंपस में फूट फूटकर रोती रही छात्रा
मेरठ। अपने शहर में घर से निकलते ही मनचलों की घूरती नजरें छात्राओं को सिर नीचा करने पर मजबूर कर देती हैं। अब तो कॉलेज और कैंपस में भी छात्राओं का जीना मुहाल होने लगा है। कैंपस में कई महीने से छात्रा को परेशान कर रहे छात्र ने शुक्रवार को सारी हदें पार कर दीं। छात्रा के साथ मारपीट की और विश्वविद्यालय के अधिकारियों व चौकी इंचार्ज तक के सामने दबंगई की। मामला बढ़ता देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनुशासन समिति की बैठक बुलाकर आरोपी छात्र को रेस्टीकेट कर दिया है। मेडिकल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के एक विभाग में पढ़ने वाला जंगेठी निवासी शादीशुदा मोनू राठी कई महीने से विभाग की ही एक छात्रा केे साथ बदसलूकी कर रहा था। वो छात्रा पर बार-बार बात करने के लिए दबाव बना रहा था। छात्रा ने कई बार विरोध किया तो वो जान से मारने की धमकी देने लगा। तीन दिन पहले छात्रा ने कुलपति से शिकायत कर दी थी। कुलपति ने समिति बनाकर पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए। समिति ने शुक्रवार को मोनू राठी को विभाग में बुलाया था। आरोप है कि बृहस्पतिवार को मोनू राठी अपनी पत्नी के साथ कैंपस में आया और छात्रा की पिटाई कर दी। इस मामले में छात्रा ने मेडिकल थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शुक्रवार को समिति के बुलावे पर छात्रा पक्ष और मोनू राठी के साथ उसकी पत्नी कैंपस में पहुंची। दोनों पक्षों का आमना-सामना होने के बाद गाली-गलौज हो गई। आरोपियों ने छात्रा के साथ फिर मारपीट की। इस पर छात्रा फूट-फूटकर रोने लगी। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज जयंत के साथ भी मोनू राठी ने बदसलूकी की। इसके बाद पुलिस आरोपी को मेडिकल थाने ले गई। उधर, अनुशासन समिति की बैठक भी बुला ली गई। प्रेस प्रवक्ता प्रशांत कुमार ने बताया कि मोनू राठी को रेस्टीकेट कर दिया है। कैंपस में आने पर उसकी पत्नी के विश्वविद्यालय में प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी गई है। एसओ मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शास्त्रीनगर और पांडवनगर में छेड़छाड़
मेरठ।
शास्त्रीनगर में एक छात्रा ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से लौट रही थी। तभी बाइक पर सवार दो युवकों ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने पर लोेगों की भीड़ लग गई। इससे पहले लोग मनचलों की घेराबंदी करते, वे फरार हो गए। छेड़खानी की शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस ने घटनास्थल पर जाना मुनासिब नहीं समझा। इसको लेकर पीड़ित परिवार ने थाने पर जाकर हंगामा किया और तहरीर देकर वापस लौट आए। थाना पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
दूसरी वारदात सिविल लाइन क्षेत्र के पांडवनगर में हुई। जहां पर एक महिला अपने बच्चे को स्कूल से लेकर जा रही थी। इसी दौरान एक युवक ने महिला का हाथ पकड़ लिया। महिला ने शोर मचाया तो लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी लोगों से माफी मांगकर वहां से रफूचक्कर हो गया। पुलिस नहीं पहुंची तो पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दी। पीड़िता ने बताया कि पुलिस ने वीआईपी ड्यूटी बताकर कार्रवाई नहीं की।