खुद को बेगुनाह साबित करने को तीन माह बाद पत्नी को प्रेमी समेत ढूंढा
मोदीनगर। पत्नी को गायब कराने का आरोप झेल रहा एक युवक खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए पत्नी को उसके प्रेेमी समेत खोज निकाला। बेगुसराय निवासी युवक ने पुलिस पत्नी व उसके प्रेमी को कोतवाली क्षेत्र के गांव में खोजा।
बिहार के बेगुसराय निवासी युवक की पत्नी विवाह के एक वर्ष बाद ही घर से गहने व नकदी लेकर फरार हो गई थी। जब युवक ने पुलिस में शिकायत की तो पत्नी के परिजनों की शिकायत पर उल्टे उसके ही खिलाफ पत्नी को लापता करने की रिपोर्ट दर्ज कर दी। ऐसे में पीड़ित को पुलिस से सहायता मिलने की आशा थी। उल्टे पुलिस ही उसे आरोपी सिद्ध करके जेल में डालने की धमकी देने लगी। मगर, युवक ने हार नहीं मानी और सभी तरफ से निराश होकर अपने दम पर पत्नी व उसके प्रेमी की तलाश शुरू की। करीब तीन माह की मेहनत के बाद पीड़ित ने पत्नी को प्रेमी समेत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खोज निकाला। पीड़ित ने बताया कि उसने खोज में टेलीकम्युनीकेशन तकनीक व इंटरनेट की सहायता ली।
गौरतलब है कि बिहार के बेगूसराय निवासी युवक का विवाह दिसंबर 2018 में हुआ था। विवाह के कुछ महीने बाद ही उसकी पत्नी दो अप्रैल को प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। तब से पीड़ित पुलिस कार्रवाई के दबाव तले अपने स्तर पर पत्नी को खोज रहा था। पीड़ित का कहना है कि बुधवार को जब उसने स्थानीय थाने जाकर पुलिस से आरोपी को पकड़ने में सहायता करने के लिए कहा तो पुलिस ने व्यस्तता के नाम पर कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। वहीं कोतवाली पुलिस मामले से अनभिज्ञता जता रही है।