नहर में नहाते समय दो दोस्त बहे, एक को बचाया
मुरादनगर। चार दोस्तों के साथ सोमवार को नहाने आए दो दोस्त गंगनहर में बह गए। शोर मचाने पर मंदिर पर मौजूद गोताखोरों ने एक युवक को बचा लिया, जबकि दूसरा पानी के बहाव में बह गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में लगी है।
गंगनहर प्राचीन शनि मंदिर के महंत मुकेश गोस्वामी ने बताया कि दिल्ली लाजपत नगर ईस्ट कैलाश कॉलोनी निवासी अमित उर्फ भोला(23) पुत्र ऊधम सिंह दोस्त प्रवीन, इंद्र, विनय और एक अन्य दोस्त के साथ सोमवार शाम मुरादनगर गंगनहर में नहाने आया था। नहाते समय अमित और प्रवीन बैरेकेडिंग पार चले गए और गंगनहर के तेज बहाव में डूबने लगे। खुद को डूबता देख दोनों दोस्तों ने मदद की पुकार लगाई। शोर सुनकर शनि मंदिर पर मौजूद गोताखोरों ने दोनों को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने प्रवीन को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया, जबकि अमित पानी के तेज बहाव में बह गया। एसएचओ ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि गोताखोरों की मदद से अमित की नहर में तलाश की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई।