फर्कपुर के जवाहर नगर में चोरों ने स्कूल से रिटायर्ड अध्यापक के घर के ताले तोड़ 20 हजार रुपये, सोने की अंगूठी व आधा किलो चांदी के गहने चोरी कर ले गए। चोर गेट फांद कर घर में घुसे और दरवाजे का ताला तोड़ चोरी को अंजाम दिया। घटना के समय रिटायर्ड अध्यापक यूपी में अपने पैतृक गांव में गया हुआ था। तीन दिन बाद जब वह घर पहुंचा तो घर से नगदी व गहने गायब मिले। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर फर्कपुर पुलिस सीन आफ क्राइम की टीम के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
जवाहर नगर निवासी शिवप्रसाद ने बताया कि वह सरस्वती शुगर मिल हाई स्कूल से सेवानिवृत्त अध्यापक है। 28 जून को वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव सरकड़ी में हवन यज्ञ में सम्मिलित होने के लिए गया था। उसका परिवार भी उसके साथ ही गया था, जाते समय वह अपने घर के सभी दरवाजों व मुख्य गेट को ताला लगाकर गए थे। मुख्य गेट की चाबी वे पड़ोसी को देकर गए थे। सोमवार सुबह वह घर पहुंचे। उसने पड़ोसी से मुख्य गेट की चाबी लेकर ताला खोला। अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। जब कमरे में अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा हुआ था। दोनों कमरों में रखी अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। उनके अंदर से नकदी व गहने गायब थे। इसके अलावा दोनों ही कमरे में रखे बेड का समान भी बाहर निकाला हुआ था और ब्रांडेड व कीमती कपड़े गायब थे। शिव प्रसाद के अनुसार चोर घर से सोने की अंगूठी, आधा किलो चांदी के गहने व 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इसकी सूचना फर्कपुर थाने में दी गई।
जम्मू कॉलोनी के शमशान घाट में हजारों का सामान चोरी
यमुनानगर। जम्मू कॉलोनी स्थित शमशान घाट से चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। कैंप निवासी सतीश ग्रोवर ने बताया कि वह जम्मू कॉलोनी के श्मशान घाट की कमेटी के सदस्य है। रोज की तरह रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे श्मशान घाट का माली काम निपटाकर घर चला गया था। सोमवार अलसुबह जब वह शमशान घाट में पहुंचा तो वहां से शव उठाने की आठ लोहे की रॉड, दो बाल्टियां, नाली पर रखी लोहे की करीब 40 किलो की स्लैब, कुछ सरिये के टुकड़े व अन्य सामान गायब था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।