दूसरे समुदाय के युवकों ने घर में खींचने का प्रयास किया, कपड़े फाड़े
भाजपाइयों ने मौके पर पहुंचकर किया हंगामा, सांप्रदायिक तनाव, पुलिस तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। भावनपुर क्षेत्र के अब्दुल्लापुर क्षेत्र में शनिवार रात दूसरे समुदाय के पांच युवकों ने एक युवती का अपहरण करने की कोशिश की। आरोपी युवकों ने युवती का हाथ पकड़कर खींचा और छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपियों ने धमकी दी। पीड़िता के परिजनों के पहुंचने पर आरोप भाग निकले। घटना के बाद भाजपाइयों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस तैनात की गई है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर क्षेत्र निवासी एक युवती की मां की शनिवार रात अचानक तबियत खराब हो गई थी। जिसके चलते पीड़िता घर के पास ही मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने गई थी। मेडिकल स्टोर से लौटते समय रास्ते में अंधेरा था। आरोप है कि दूसरे समुदाय के तीन युवक रास्ते में खड़े मिले। जिसमें से एक युवक ने पीड़िता को धक्का देकर गिरा दिया। जबकि दूसरे युवक ने हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की और छेड़छाड़ की। पीड़िता ने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने बुरी नीयत से एक घर में खींचने की कोशिश की। इस दौरान पीड़िता के कपड़े फट गए। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंच गए। जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया।
सूचना पर भाजपा नेता संदीप खटीक, जयवीर जाटव, मोहित खटीक, रामपाल, रामकुमार गौतम आदि मौके पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सदर देहात अखिलेश भदौरिया, एसओ भावनपुर ने घटना की जानकारी ली। सीओ ने पीड़ित परिजनों को समझाते हुए तहरीर मांगी। कहा कि पुलिस आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करेगी। पीड़िता ने तीन युवकों को पहचानते हुए तहरीर दी है, जबकि दो अन्य युवक भी आरोपियों के साथ बताए गए। सीओ ने बताया कि आरोपी जीशान, आमिर और फुरकान के खिलाफ तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने देर रात आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े।
संवेदनशील है अब्दुल्लापुर
अब्दुल्लापुर क्षेत्र में छेड़छाड़ का यह पहला मामला सामने नहीं आया है। इससे पहले भी यहां छेड़छाड़ ओर बाइक टकराने पर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। साल 2015 में कांवड़ यात्रा के दौरान भी अब्दुल्लापुर में तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात रही थी।