- परिजनों से जताई थी ऑनर किलिंग की आशंका, मांगी थी सुरक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
कंकरखेड़ा। परिजनों से ऑनर किलिंग की आशंका जता कर थाने पहुंचे प्रेमी युगल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने युवती को छोड़ दिया, जबकि युवक का चालान कर दिया।
क्षेत्र का एक युवक बैग बनाने का काम करता था। वहीं पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की कक्षा 10वीं की छात्रा है। दोनों अलग-अलग बिरादरी के हैं। दोनों ने घर से भागकर 29 मई को पहले एक मंदिर में और उसके बाद कोर्ट में शादी कर ली। तभी दोनों परिजनों से छिपकर बाहर रह रहे थे। बृहस्पतिवार रात युवक युवती को लेकर अपने घर पहुंचा ही था कि युवती के परिजन वहां आ पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। खुद को घिरता देखकर प्रेमी युगल किसी तरह थाने पहुंचा। दोनों ने ऑनर किलिंग की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी। वहीं प्रेमी युगल के परिजन भी थाने पहुंच गए। दोनों ने अपना अपना पक्ष रखा। लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़की अभी नाबालिग है, आरोपी युवक बहला फुसलाकर उसका अपहरण करके ले गया था और जबरन शादी की है। वहीं एसएसआई दिग्विजय सिंह का कहना है कि पूछताछ के बाद लड़की को छोड़ दिया है। जबकि युवक व लड़की के परिवार से दो लोगों का चालान कर दिया।