तमंचे की बट मारकर युवक से बाइक लूटी
मुरादनगर। शहजादपुर बंबा मार्ग पर बृहस्पतिवार रात बाइक सवार दो बदमाश तमंचे की बट मारकर एक युवक की बाइक लूट फरार हो गये। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
डिडौली गांव निवासी नीरज त्यागी पुत्र विनोद त्यागी गाजियाबाद एक प्राइवेट कंपनी में डिलीवरी मैन का काम करता है। बृहस्पतिवार रात नीरज त्यागी बाइक से अपने दोस्त विक्रांत के साथ कस्बे से गांव लौट रहा था। शहजादपुर बंबा मार्ग के पास दोनों लघुशंका के लिए रूके थे, इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश आए और निवाड़ी जाने का रास्ता पूछा। नीरज ने उन्हें निवाड़ी जाने का रास्ता बता दिया, कुछ दूर आगे जाकर बदमाशों ने अपने बाइक रोक दी, तमंचे के बल पर बदमाशों ने नीरज से बाइक लूटने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट सिर में मारकर नीरज को घायल कर दिया और उसकी बाइक लूट कर फरार हो गये। बदमाशों के डर से विक्रांत पहले ही खेतों में भाग गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई डीके सिंह ने बताया कि वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।