मौके से फर्जी मदिरा विक्रय अनुज्ञप्ति पत्र व तस्करी की शराब बरामद
मेरठ।
सदर बाजार पुलिस ने क्षेत्र में छापा मारकर नकली शराब बनाने का भंडाफोड़ किया है। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस को तस्करी कर लाई गई शराब, यूरिया और शराब बनाने के उपकरण मिले हैं। इसके अलावा एक फर्जी मदिरा अनुज्ञप्ति पत्र भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात सूचना मिली कि चाणक्यपुरी में नकली शराब बनाई जा रही है। यहां तस्करी कर लाई गई शराब की बड़ी खेप भी मौजूद है। पुलिस ने छापा मारकर मौके से गोविंद प्रसाद पुत्र कुंदनलाल को हिरासत में लिया, जबकि उसका बेटा राजीव भाग निकला। तलाशी लेने पर पुलिस को मौके से 84 बोतल हरियाणा मार्का शराब, यूरिया, शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण भी मिले। थानाध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि पुलिस को मौके से फर्जी मदिरा अनुप्ति पत्र भी मिला है। इससे प्रतीत होता है कि फर्जी तरीके से शराब बेची जा रही थी। आबकारी विभाग से संपर्क किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
शराब तस्करों को भेजा जेल
सदर बाजार पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह मोहल्ला लाल कोठी में छापा मारकर एक मकान से हरियाणा मार्का शराब की 161 बोतलों के साथ सोनू साहू पुत्र महेन्द्र साहू को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को सोनू को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि मामले में फरार चल रहे राजू और सूरज की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।