मेरठ/परीक्षितगढ़। बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार दिनदहाड़े परीक्षितगढ़ में दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर दोनों पेट्रोल पंपों से 1.10 लाख रुपये लूट लिए। सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक पकड़ा है, जिसने वारदात करना कबूल नहीं किया।
यह वारदात परीक्षितगढ़ थानाक्षेत्र में हुई। खानपुर गांव के समीप मंगलवार दोपहर तीन बजे दो बाइक पर पांच-छह बदमाश पंवार फिलिंग सेंटर (पेट्रोल पंप) पर पहुंचे। उन्होंने सेल्समैन बबली शर्मा और सौरभ से कैश लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट मारकर बबली को घायल कर दिया। बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे 50 हजार रुपये लूटकर शहर की ओर फरार हो गए।
एक किमी दूर दूसरे पंप पर वारदात
बदमाशों का दुस्साहस यह रहा कि वे पंवार पेट्रोल पंप से करीब एक किलोमीटर दूर मेरठ रोड स्थित गांव इकला रसूलपुर मोड़ पर नत्थू किसान सेवा केंद्र (पेट्रोल पंप) पर पहुंचे। यहां पिस्टल से आतंकित कर सेल्समैन अरुण और विकास के साथ मारपीट कर 60 हजार रुपये लूटकर मेरठ की ओर फरार हो गए। दो पेट्रोल पंपों पर लूट की सूचना पाकर पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस दोनों पेट्रोल पंपों पर पहुंची। पीड़ित सेल्समैनों को साथ लेकर आसपास बदमाशों की तलाश की।
वहीं, पुलिस ने गांव खजूरी स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया। लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। इसी दौरान एक युवक बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा। वह पुलिस को देख बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने संदिग्ध लगने पर उसे दबोच लिया और बाइक समेत थाने ले आए। एसपी देहात और सीओ सदर देहात ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि संदिग्ध अर्जुन निवासी मुरादनगर को पकड़ा है। दोनोें पेट्रोल पंपों के सेल्समैन उसकी पहचान कर रहे हैं। लेकिन आरोपी अभी वारदात को कबूल नहीं रहा है। अभी जांच की जा रही है।