दोस्त के साथ 11 लाख की धोखाधड़ी करने में युवक गिरफ्तार
दो माह पूर्व कोर्ट में पेश नहीं होने पर जारी हुआ था एनबीडब्ल्यू
मेरठ।
टीपीनगर पुलिस ने धोखाधड़ी कर लाखों का फ्रॉड करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। करीब दो माह पूर्व कोर्ट ने इस व्यक्ति के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक रेलवे रोड निवासी पारस जैन और टीपीनगर के संतनगर निवासी राहुल जैन करीब 20 साल से दोस्त थे। इसी के चलते वर्ष 2014 में राहुल जैन ने पारस जैन के पिता आदेश जैन से बिजनेस के लिए 11 लाख रुपये मांगे। आदेश जैन ने बेटे के कहने पर दो किश्तों में 11 लाख रुपये राहुल जैन को दे दिये। राहुल ने चार माह में पैसा लौटने की बात कही थी, लेकिन तीन साल तक पैसे नहीं लौटाए। काफी समय बाद राहुल ने पारस के पिता को 11 लाख रुपये का चेक सौंपा। चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद राहुल ने पारस व उसके पिता का फोन रिसीव करना भी बंद कर दिया।
डेढ़ साल पहले किया मुकदमा
राहुल से पैसा न मिलता देख आदेश जैन डिप्रेशन का शिकार हो गए। इसी बीच उन्होंने राहुल के खिलाफ टीपीनगर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया। राहुल को यह बात बर्दाश्त नहीं हुआ। उसने पैसा न लौटाने की धमकी दी। वहीं पुलिस ने जांच कर चार्जशीट दाखिल की।
कोर्ट ने जारी किया एनबीडब्ल्यू
करीब चार माह पूर्व कोर्ट में मुकदमा शुरू हुआ। लेकिन आरोपी राहुल जैन कोर्ट के समक्ष पेश नहीं हुआ। इसके चलते दो माह पूर्व कोर्ट ने राहुल जैन के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी।
वर्जन-
धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में राहुल जैन वांछित था। काफी समय से वह घर से फरार चल रहा था। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह घर में छिपा है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। - प्रमोद कुमार गौतम, इंस्पेक्टर टीपीनगर