नोएडा के ध्यानार्थ
- आरोपी के खिलाफ मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। एमसीए के छात्र की घिनौनी हरकत से परेशान छात्रा का इंटर कॉलेज छूट गया। आरोपी छात्र ने छात्रा की अश्लील फोटो अपने एफबी अकाउंट पर डाल दी। फोटो हटाने की एवज में एक लाख रुपये की डिमांड की। जिस पर छात्रा ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला मेडिकल थानाक्षेत्र का है। पीड़ित छात्रा की नोएडा निवासी मोनू से दोस्ती हो गई थी। मोनू नोएडा में एक कॉलेज में एमसीए का छात्र है। आरोप है कि मोनू ने छात्रा की अश्लील फोटो बनाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर डाल दी। छात्रा ने इसका पता चलने पर मोनू को कॉल कर फोटो हटाने की विनती की। लेकिन आरोपी ब्लैकमेल पर उतर आया और पैसे मांगने लगा। छात्रा ने पांच हजार रुपये आरोपी को दिए भी। लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। आरोपी ने एक लाख की मांग करते हुए धमकी दे दी। जिसके बाद छात्रा ने अपने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों के समझाने पर छात्रा ने आरोपी मोनू के खिलाफ मंगलवार देर रात मेडिकल थाने में केस दर्ज करा दिया। मेडिकल पुलिस ने आरोपी मोनू को बुधवार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया। सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह के अनुसार मोनू पर रंगदारी मांगने, धमकी देने और आईटी एक्ट में केस दर्ज हुआ है।