हिस्ट्रीशीटर राजू हत्याकांड का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। हिस्ट्रीशीटर राजू की हत्या दबंगई से तंग आकर की गई थी। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि विगत 23 अप्रैल की रात बुढ़ाना गेट इलाके में हिस्ट्रीशीटर राजू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के अगले दिन उसका शव उसके घर से पुलिस ने बरामद किया था। थाना कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। मंगलवार को इंस्पेक्टर कोतवाली सुभाष अत्री ने सूचना पर एक आरोपी राजेश पुत्र हरिकिशन निवासी ग्राम जुल्हैड़ा सरधना को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी के अनुसार राजेश ने कबूल किया कि उसने अपने दोस्त सलाउद्दीन के साथ मिलकर राजू की हत्या की योजना तैयार की थी। दावा किया कि सलाउद्दीन ने राजू की उसके घर पर ही हत्या की थी।
जेल में हुई थी मुलाकात
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के अनुसार राजेश हत्या के मामले में उम्रकैद काट रहा था। इस दौरान जेल में उसकी राजू और सलाउद्दीन से मुलाकात हुई थी। जमानत पर छूटने के बाद राजेश ने सलाउद्दीन के साथ मिलकर भांग का ठेका ले लिया। लेकिन राजू आए दिन ठेके पर आकर कर्मचारियों से गालीगलौज व मारपीट करता था। इसी से तंग आकर दोनों ने योजना बनाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
डकैती में जा चुका जेल
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने बताया कि राजेश बेहद शातिर अपराधी है। उसे सिविल लाइन थाने से हत्या के मामले में उम्रकैद में हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इसके अलावा ब्रह्मपुरी थाने में उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज था। छत्तीसगढ़ से भी वह डकैती के मामले में सात साल की सजा काट चुका था। उसका क्राइम रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।