मवाना। भैंसा रोड पर शुक्रवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सेल्समैन को हथियारों के बल पर रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ित को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बदमाश सेल्समैन को घायल कर हजारों की नकदी लूटकर भाग निकले। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। लूट की जानकारी मिलने पर सीओ मवाना ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी ।
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर निवासी मोमीन पुत्र शफीक खिलौने दुकानदारों को सप्लाई करता है। मोमीन ने बताया कि उसने अपनी बेटी शबाना की शादी भैंसा गांव निवासी शहजाद से की है। पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी बाइक से भैंसा गांव में अपने दामाद शहजाद को 50 हजार रुपए देने आ रहा था। भैंसा रोड पर पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे हथियारों के बल पर रोक लिया। बदमाशों ने मोमीन के साथ जमकर मारपीट की और 50 हजार रुपए लूट लिये। विरोध करने पर बदमाशों ने मोमीन को तमंचे की बट मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को लूट की जानकारी दी। दिनदहाड़े लूट की जानकारी मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। थाने पहुंचे सीओ अखिलेश भदौरिया ने घटना की जानकारी ली और मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने घायल को सीएचसी में उपचार दिलाया। मोमीन ने घटना की तहरीर थाने पर दी है। सीओ अखिलेश भदौरिया का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
छात्राओं ने महिलाओं को मेहंदी लगाई
मवाना। रुद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के बीए एवं बीएससी गृह विज्ञान की छात्राओं ने करवा चैाथ के अवसर पर एक नई पहल करते हुए शुक्रवार को मवाना के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को मेहंदी लगाई।
मेहंदी कला के विकास के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। विभिन्न कलाओं के विकास के साथ मेहंदी लगाने की कला का भी तेजी से प्रचार-प्रसार हो रहा है। करवा चैाथ के अवसर पर मेहंदी लगाने की कला से ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों को परिचित करवाने के लिए शुक्रवार को रूद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के बीए एवं बीएससी गृह विज्ञान की छात्राओं ने अनूठी पहल की। इसके तहत भीष्म नगर (ग्राम भैंसा) में ग्रामीण महिलाओं के बीच पहुुंचकर उन्हें मेहंदी लगाई। इसके साथ युवतियों को मेहंदी लगाना भी सिखाया। इस मौके पर छात्राओं ने मेहंदी से एक से बढ़कर एक डिजाइन बना कर सभी को अभिभूत कर दिया। इसमें महाविद्यालय की 11 छात्राओं ने ग्रामीण क्षेत्रों की लगभग 50 से अधिक महिलाओं को मेहंदी लगाकर करवा चैाथ की शुभकामनाएं दी।