अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। ग्राम कालंदी स्थित किसान सेवा सहकारी समिति पर शनिवार को एमडी पर अभद्रता का आरोप लगाकर निलंबित अकाउंटेंट की पत्नी ने जमकर हंगामा किया। इसी बीच वहां पर किसान एवं सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए। उनके सामने ही दोनों में जमकर जूतम-पैजार हुई। दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। इस मामले में महिला और एमडी ने थाने पर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहसील क्षेत्र के कालंदी गांव में किसान सेवा सहकारी समिति पर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। 22 जुलाई 2017 को समिति पर एक लाख 23 हजार 6 सौ 90 रुपये के गबन के मामले में समिति के एमडी गजराज सिंह एवं अकाउंटेंट ओमकार सिंह पर गाज गिर गई थी। दोनों को गबन के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। अब एमडी तो बहाल हो चुका है और अकाउंटेंट ओमकार सिंह अभी तक आरोप में फंसा है। अकाउंटेंट की पत्नी शनिवार को किसान सेवा सहकारी समिति पर पहुंची। उसका कहना है कि वह एमडी से पति की बहाली के लिए मुलाकात करने पहुंची। इस पर एमडी ने उससे अभद्रता की। इतना ही नहीं उसके कपडे़ फाड़ने का प्रयास किया। उधर, एमडी अपने कक्ष मेें महिला को हंगामा करता देख बाहर निकल गया। इसी बीच वहां पर किसानों के साथ भीड़ एकत्रित हो गई। यहां दोनों में गालीगलौज एवं जूतमपैजार तक हो गई। इसी बीच हंगामे की जानकारी पाकर मुल्हैड़ा चौकी प्रभारी राजकुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों की बात सुनी। दोनों ने पुलिस के सामने एकदूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मुल्हैड़ा चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों को कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया। दोनों पक्षों ने थाने में एकदूसरे के खिलाफ तहरीर दी। चौकी प्रभारी मुल्हेड़ा राजकुमार ने बताया कि महिला का पति समिति से गबन के मामले में निलंबित चल रहा है। महिला शनिवार को वह समिति पर पहुंची और हंगामा किया। दोनों पक्षों को थाने भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुख्य बातें
कोतवाली पर दोनों पक्षों ने दी एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी
महिला का पति अकाउंटेंट सवा लाख रुपये के गबन के मामले में चल रहा है निलंबित
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामले की जांच शुरू की