मवाना। मेरठ रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर बुधवार देर रात कार सवार पांच बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट की। उन्होंने सबसे पहले गार्ड से बंदूक छीनकर उसे बटों से प्रहार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने पंप से 65 हजार रुपये लूट लिये। इसकी जानकारी पाकर एसएसपी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग एवं चेकिंग की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। वहीं, बदमाश जाते समय पंप पर लगे सीसीटीवी की डीवीआर ले गए।
सीना गांव निवासी गजेंद्र वर्तमान में नगर स्थित प्रीतनगर में रहते हैं। उनका मवाना कस्बे से बाहर करीब दो किमी. दूर मेरठ रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप है। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात पेट्रोल पंप पर मैनेजर प्रमोद समेत पांच-छह कर्मचारी मौजूद थे। पंप की सुरक्षा के लिए गार्ड नाहर सिंह दुनाली बंदूक के साथ तैनात है। बताया कि रात्रि लगभग दो बजे एसएक्स फॉर गाड़ी में लगभग पांच बदमाश पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इससे पंप पर मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। गार्ड नाहर सिंह ने मोर्चा संभाला तो बदमाशों ने उससे बंदूक छीन ली और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने मैनेजर प्रमोद को जान से मारने की धमकी देते हुए 65 हजार रुपये लूट लिये। वे जाते समय मैनेजर रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी निकाल ले गए। पेट्रोल पंप पर लूट की जानकारी पाकर पीआरवी, सीओ यूएन मिश्रा एवं थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। वहीं, एसएसपी राजेश पांडे, एसपी देहात राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग तथा चेकिंग की परंतु बदमाशों का सुराग नहीं लगा। पीड़ित गजेंद्र ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चौथी बार पेट्रोल पंप को बनाया निशाना
मेरठ रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप 24 घंटे खुला रहता है। बदमाशों ने इस पर बीती रात चौथी बार वारदात की। सुरक्षा की दृष्टि से पेट्रोल पंप मालिक ने गार्ड नाहर सिंह को तैनात कर रखा है। इसके अतिरिक्त रात्रि में पीआरवी एवं थाना पुलिस भी पंप पर गश्त करती रहती हैं। बुधवार देर रात हुई डकैती यहां पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 2017 में बदमाशों ने पंप पर हजारों रुपये की लूट की थी। इसके अतिरिक्त दो बार पहले भी वारदात हो चुकी है।
बदमाशों ने पहले से कर रखी थी रेकी
बदमाशों ने वारदात करने से पहले शायद रेकी की थी। पेट्रोल पंप मालिक गजेंद्र ने बताया कि बदमाश एसएक्स फोर कार से पहुंचे। पेट्रोल पंप पर कर्मचारी बैठे थे। बदमाशों ने उन पर हथियार तानकर मारपीट शुरू कर दी। वे महज 10 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना से कुछ देर पहले ही यूपी 100 बाइक वहां से गई थी तथा करीब पांच मिनट थाने की जीप वहां रुकी थी।
सीसीटीवी की खंगाली फुटेज
बृहस्पतिवार सुबह सीओ यूएन मिश्रा एवं थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने घटना का जल्द खुलासा करने के लिए नगर में व्यापारियों के यहां लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालीं। वहीं, बड़ा महादेव मंदिर के सामने बजाज शोरूम पर लगे सीसीटीवी की सहायता ली। हालांकि पुलिस को ठोस सबूत हासिल नहीं हो सका। बदमाश शोरूम तक आते दिखे और वहीं से गाड़ी मोड़कर भागते दिखे।
पुलिस गश्त की खुली पोल
रिलायंस पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात के बाद से ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप है। पंप पर हुई लूट से दो दिन पहले सठला गांव के पास सिकंद्राबाद निवासी चालक सुरेश से बंधक बनाकर टायर, बैट्री लूटने का मामला भी प्रकाश में आया था। एक के बाद एक लूट की वारदात ने पुलिस गश्त की पोल खोल दी है।
पेट्रोल पंप लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके खुलासे को लेकर क्राइम ब्रांच की टीम गठित कर दी है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।-राजेश कुमार, एसपी देहात मेरठ
मुख्य बातें
कार सवार बदमाशों ने बुधवार देर रात मेरठ रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पर बोला धावा, गार्ड को घायल कर बंदूक लूटी
सीसीटीवी की डीवीआर निकालकर ले गए बदमाश, एसएसपी और एसपी देहात ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी