मवाना। फलावदा रोड पर बुधवार को छेड़छाड़ को लेकर दो छात्र गुटों में जमकर संघर्ष हुआ। इसकी जानकारी पाकर पहुंची पुलिस को देख दोनों छात्र गुट भाग निकले। हालांकि पुलिस ने कांबिंग के दौरान तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम खत्म होने के बाद एक कॉलेज के छात्र बाहर आकर छेड़छाड़ को लेकर आपस में भिड़ गए। इसके बाद दोनों छात्र गुटों में जमकर संघर्ष हुआ। छात्रों में मारपीट होते देख वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर छात्र जंगल के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने कांबिंग कर तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी एमपी सिंह का कहना है कि तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया है। उनसे साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।