हजारों की नकदी समेत लाखों का सामान चोरी
फलावदा। गांव महलका में दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल, लेपटॉप, बैट्री, नकदी आदि चोरी कर ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। वहीं गांव रसूलपुर से चोरों ने एक भैंसा चोरी कर लिया।
ग्राम रसूलपुर टांडी निवासी इरफान पुत्र इतवारी ग्राम महलका बस स्टैंड पर मोबाइल की दुकान करता है। शनिवार देर शाम इरफान अपनी दुकान बंद कर अपने घर टांडी चला गया था। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर दुकान में रखे सात मोबाइल फोन, एक लेपटॉप दो बैट्री तथा 1300 सौ रुपये की नकदी चोरी कर लिए। पीड़ित ने लाखों रुपये के नुकसान की तहरीर दी है। वहीं गांव रसूलपुर में चोरों ने किसान सलीम के घर में बंधा भैंसा चोरी कर लिया। घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
जलनिकासी को लेकर फायरिंग
फलावदा। ग्राम खालिदपुर में बारिश के पानी की जलनिकासी को लेकर दो पक्षों में गाली गलौच हो गई। आरोप है कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग भी की गई। घटना के संबंध में महिला सहित तीन को नामजद करते हुए जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। खालिदपुर निवासी मेहराज पुत्र बशीर अली ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह अपने घर में बारिश का भरा पानी निकाल रहा था। पड़ोसी ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की नियत से उस पर तमंचे से फायर किया। जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के संबंध में महिला शमीम, शारिक, शोकीन को नामजद करते हुए जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दुष्कर्म के मामले में एक गिरफ्तार
फलावदा। कस्बे में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शेष आरोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई।
गौरतलब है कि दस दिन पूर्व कस्बे की एक महिला से चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना के संबंध में महिला के पति ने कस्बे के चार लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने नामजद आरोपी सुशील पुत्र मुन्नू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस न कई जगह दबिश दी लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे।