सर्विस रोड पर खुला शराब के ठेके से महिलाएं परेशान
मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेस दो के सर्विस रोड पर खुला शराब का ठेका असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। यहां से महिलाओं का निकलना मुश्किल हो रहा है और शराबी दिन में ही खुले में शौच कर रहे है। इस मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने कमिश्रर और डीएम से की है।
पल्लवपुरम की आवासीय योजना में के पाकेट में एक शराब की दुकान खोल रखी है। यह दुकान सर्विस रोड पर है, वहां पीएनबी बैंक और दो हॉस्पिटल भी है। ठेके के बाहर सड़क पर ही लोग शराब पीते और बोतल फेंक देते है। शराबी नशे में वहां से निकल रही महिलाओं पर भी फब्तियां कसते है। जिस कारण से महिलाओं और लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। सर्विस रोड पर ही गाड़ियों को खड़ा कर रास्ता बंद कर देते है। इसके अलावा खुले में ही शौच भी कर रहे है। कालोनी निवासी मीना व अन्य महिलाओं ने इस मामले की शिकायत कमिश्रर और डीएम को पत्र सौंपकर की थी। जिस पर एमडीए की टीम 15 दिन पहले ठेके पर सील लगाने के लिए गई थी, लेकिन टीम चेतावनी देकर लौट गई। शुक्रवार को पीड़ित ने फिर से इस मामले में डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह ठेका बंद नहीं हुआ तो लोग फिर प्रदर्शन करेंगे, आए दिन यहां पर छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही है।