दौराला। थाना क्षेत्र के खेड़ी टप्पा गांव में एक व्यक्ति ने भाइयों और साथी के साथ मिलकर अपने साले की जमकर धुनाई कर दी। विरोध करने पर पत्नी को भी पीटा और दोनों को घर से निकाल दिया। गंभीर हालत में युवक को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जिला बागपत के गांव बौंदी निवासी ज्योति की शादी एक साल पूर्व दौराला ब्लॉक के खेड़ी टप्पा निवासी राहुल से हुई थी। ज्योति का आरोप है कि शादी के बाद एक बार भी पति ने उसे मायके नहीं जाने दिया और घर में बंधक बनाए रखा। छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन उत्पीड़न करने लगा। मामले की जानकारी लगने पर भाई राजेश उसे लेने के लिए आया और रविवार को उसे मायके ले जाने लगा। इस पर पति राहुल, उसके भाई दीपक, गुड्डू ने पड़ोसी अर्जुन के साथ मिलकर उसके भाई को मारपीट कर अधमरा कर दिया। आरोपियों ने विरोध करने पर उसे भी बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इससे पीड़ित परिवार में दहशत में हैं। इंस्पेक्टर मनोज मिश्र का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।