दूध सप्लाई करने का काम करता था मृतक, चाचा ने दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़।
मेरठ मार्ग पर स्थित गौरी विद्यापीठ कालेज के सामने सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दूधिया की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम ऐतमादपुर निवासी बब्लू गुप्ता (40) पुत्र प्रेमचंद परीक्षितगढ़ में दूध सप्लाई का काम करता था। सोमवार रात वह बाइक द्वारा परीक्षितगढ़ से दूध सप्लाई कर गांव लौट रहा था। मेरठ मार्ग स्थित गौरी विद्यापीठ कालेज के सामने पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। मंगलवार को मृतक के चाचा मुन्नालाल ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बब्लू की सड़क हादसे में मौत हो जाने की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि बब्लू शादीशुदा था। उसके तीन बच्चे हैं। मंगलवार को दिनभर परिवार को सांत्वना देने के लिए ग्रामीण घर पहुंचे।