अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। नारंगपुर-मीरपुर संपर्क मार्ग पर रविवार देर शाम बीएलओ से बदमाशों ने हजारों की नकदी एवं जेवर लूट लिये। मेरठ निवासी महिला बीएलओ अपने पति के साथ देर शाम नारंगपुर गांव से मेरठ जा रही थी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि सरूरपुर और रोहटा पुलिस घंटों विवाद में उलझी रहीं।
सोनिया त्यागी पत्नी संजीव कुमार नारंगपुर गांव में एएनएम के पद पर तैनात हैं। उन पर बीएलओ का कार्यभार भी है। सोनिया त्यागी रविवार को मतदाता सूची पर विशेष शिविर में ड्यूटी करने आई थीं। इसके बाद वे देर शाम नारंगपुर-मीरपुर संपर्क मार्ग से वापस लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर हथियार के बल पर रुकवा लिया। बदमाशों ने आतंकित करते हुए संजीव से आठ हजार रुपये और अंगूठी लूट ली। इस दौरान बदमाशों ने कार के शीशे पर वार करके चाबी निकाल ली। उन्होंने एएनएम सोनिया से एक हजार रुपये, मोबाइल एवं सोने-चांदी के जेेवरात लूट लिये। वारदात को अंजाम देकर बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं, बाद में राहगीरों की मदद से पीड़ितों ने कंट्रोल रूम को जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची रोहटा पुलिस ने घटनास्थल सरूरपुर की बताकर पल्ला झाड़ लिया। बाद में पीड़ितों ने वारदात की तहरीर सरूरपुर थाने में दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।
मुख्य बातें
बदमाशों ने नारंगपुर-मीरपुर संपर्क में वारदात को दिया अंजाम
रोहटा और सरूरपुर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रहीं