छापामारी कर शराब की भट्टियां तोड़ी
परीक्षितगढ़। पुलिस ने खादर क्षेत्र के गंगा किनारे छापामारी कर एक दर्जन से भी अधिक कच्ची शराब की भट्टियों को तोड़ते हुए 15 सौ लीटर लाहन नष्ट किया। लेकिन शराब माफिया पुलिस को देख मौके से फरार हो गए। खादर क्षेत्र के गंगा किनारे शराब माफिया कच्ची शराब बनाने की भट्टियां अवैध रूप से चल रही हैं। जिसके चलते आबकारी विभाग की टीम व थाना पुलिस ने कई बार शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया था। लेकिन कच्ची शराब का धंधा कई वर्षों से फल फूल रहा है। सोमवार को उच्च अधिकारी के आदेश पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में खादर क्षेत्र के गंगा किनारे बसे गांव कुंडा, मिर्जापुर, बीरनगर, खरखाली आदि गांवों में छापामारी करते हुए एक दर्जन कच्ची शराब की भट्टियों को तोड़ते हुए करीब 15 सौ लीटर लाहन को नष्ट किया। पुलिस को देखकर शराब माफिया मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जंगलों में कांबिंग कर शराब माफियाओं की तलाश की। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि खादर क्षेत्र में शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। क्षेत्र में कच्ची शराब की ब्रिकी रोक लगाई जाएगी।
शूटिंग रेंज एकेडमी का उद्घाटन
परीक्षितगढ़। नगर में सोमवार को शूटिंग रेंज एकेडमी का उद्घाटन अंतर्राष्ट्रीय शूटर चंद्रो दादी ने फीता काट कर किया और बच्चों को शूटिंग के गुर सिखाए। एकेडमी के संस्थापक दीपक चौधरी ने बताया कि देहात क्षेत्र में प्रतिभाशाली बच्चों को शूटिंग का अभ्यास कराने के लिए एकेडमी का शुभारंभ किया है। जिससे देहात क्षेत्र के बच्चे भी अपनी प्रतिभा दिखाकर देश का नाम रोशन कर सकें। एकेडमी में दस मीटर की एयर पिस्टल की कोचिंग कराई जाएगी। बुजुर्ग अंतर्राष्ट्रीय शूटर चंद्रो दादी ने बच्चों को शूटिंग के गुर सिखाए। इस मौके पर चेतन सिंह, नरेंद्र शर्मा, मदन गुर्जर, विनय चौधरी, सीटू आदि मौजूद रहे।