खरखौदा। गांव अल्लीपुर में रंजिशन मंगलवार को फिर से कुरैशी और शेख पक्ष में बवाल हो गया था। जिसमें दोनों पक्षों में हुई फायरिंग और पथराव में छह लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के बजाय अपनी ओर से बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में 17 नामजद समेत सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसमें पुलिस ने सात लोगों को जेल भेज दिया है।
गांव अल्लीपुर में चार वर्ष पहले ईद के दिन मस्जिद में नमाज पढ़ने को लेकर कुरैशी और शेख पक्ष में विवाद हो गया था। मामला इतना बढ़ा था कि बाद में दोनों पक्षों में फायरिंग और पथराव हुआ था। जिसमें शेख पक्ष के एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी तथा तीन अन्य घायल हो गए थे। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। पुलिस की सतर्कता के कारण मामले का निपटारा हो जाता है। जब भी ईद का त्योहार आता है दोनों पक्षों में प्रत्येक वर्ष कुछ न कुछ विवाद हो जाता है। हत्या के आरोप में कुरैशी समाज के पुुरुषों को दूसरे पक्ष ने आज तक गांव में नहीं घुसने दिया है। इस बार भी ईद के दो दिन बाद मंगलवार को दोनों पक्षों में गालीगलौज को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद में दोनों पक्षों में एक-दूसरे को निशाना बनाते हुए फायरिंग और पथराव हुआ था। जिसमें दो युवक गोली लगने से तथा चार युवक पथराव में घायल हो गए थे। बवालियों ने सीओ किठौर समेत एएसपी अमित आनंद से धक्का-मुक्की तथा जमकर विरोध किया था। इस पर पुलिस ने बलवा, जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में ग्राम प्रधान अल्लीपुुर सलीम पुत्र वलीकुद्दीन, जाहिद पुत्र नसीम, नसीम और मोहसिन पुत्रगण फइमुदद्ीन, जावेद पुत्र सगीर, आलम पुत्र सगीर, शब्बू पुत्र रहीसुद्दीन, भूरा पुत्र अनीमुद्दीन, सावेज पुत्र सगीर, शमीम पुत्र नसीमुद्दीन, रिजवान पुत्र उमर अली, अनस पुत्र इब्राहिम, फुरकान और नाजिम पुुत्रगण उमरद्दीन, हारून पुत्र उमर अली समेत सैकड़ों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मंगलवार रात में ही ताबड़तोड़ दबिश दी। जिसमें पुलिस ने दर्जनभर से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने बाद में दोनों पक्षों के करीब दर्जनभर लोगों को हिरासत में लिय था। जिसमें शेख पक्ष की सैकड़ों महिला एवं पुरुष थाने पहुंचे थे तथा उसका घेराव किया था। इस पर पुलिस को मामले को संभालने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ी थी।
पुलिस ने हारून पुत्र उमर अली, रिजवान पुत्र उमरअली, फुरकान पुत्र उमरद्दीन, नाजिम पुत्र उमरद्दीन, अनस पुत्र इब्राहिम, शब्बू पुत्र रहीमुद्दीन, अब्दुल पुत्र अमीरूद्दीन को बुधवार को जेल भेज दिया है। वहीं, ग्राम प्रधान सलीम को बीमारी के चलते पुलिस ने जमानत पर छोड़ दिया था।
दबाव के चलते कई लोग छोड़े
ग्राम अल्लीपुर में मामला रंजिशन है। अबकी बार पुलिस ने अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज कर दोनों पक्षों पर दबाव बनाया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करके दर्जन भर से अधिक बवालियों को हिरासत में लिया था। इस पर एक पक्ष जनप्रतिनिधियों की शरण में पहुंच गया। जिसके चलते पुलिस को कई लोगों को छोड़ना पड़ा।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। इस समय गांव में शांति है। -राजेश कुमार सिंह, एसपी देहात मेरठ
मुख्य बातें
गांव में शेख और कुरैशी पक्ष में बीते मंगलवार को हो गया था बवाल
पुलिस ने 17 नामजद एवं सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई थी रिपोर्ट