हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
सरधना। तहसील मुख्यालय पर सोमवार को दोपहर के समय रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में जमकर जूतम पैजार हुई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले और हंगामा खड़ा हो गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लिया। इस मामले में एक युवक ने नगर के एक युवक पर उधार के रूप में तीन लाख रुपये होना बताया और कार्रवाई की मांग की।
मुज्जफरनगर निवासी श्रीपाल पुत्र नरेंद्र ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसकी बहन अंजू की शादी सरधना में हुई हैं। उसकी बहन के एक पड़ोसी ने प्लाट खरीदने की बात कहकर उनकी बहन के माध्यम से उसने तीन लाख रुपये ले लिए। उसने एक महीने में रुपये लौटा देने की बात कहकर रुपये लिए थे। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी रुपये वापस नहीं लौटाए। जब ज्यादा तकादा किया तो उसने तहसील में लिखा-पढ़ी के जरिए उन्हें तीन लाख रुपये का चेक देने की बात कही, जिसमें वह भरोसा करके तहसील मुख्यालय पहुंचा और उसके साथ दो अन्य युवक भी आए थे। जिसमें उसे धोखे से बुलाकर उसके साथ मारपीट कर दी और दिया चेक भी वापस लेकर फाड़ दिया। पुलिस ने श्रीपाल के शिकायती पत्र पर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।