तीन थानों की सीमा में फंसा अपहरण का केस
खरखौदा/मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी एक महिला का बुधवार को कार सवार लोगों ने अपहरण कर गांव कैली के जंगल में फेंक दिया। इस मामले में हापुड़ और खरखौदा पुलिस सीमा विवाद में फंस गई। बाद में महिला को कार्रवाई के लिए लिसाड़ी गेट थाने भेज दिया गया।
हापुड़ कोतवाली पहुंची महिला ने बताया कि पति से विवाद होने पर वह काफी समय से मायके में रहकर घरों में काम कर रही है। बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह काम के लिए घर से निकली तो कार सवार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। उसे मारपीट कर खासपुर रोड पर निर्माणाधीन बाईपास के निकट ईख में डाल गए। राहगीरों से मदद मांगने पर उसे हापुड़ जाने वाली बस में बैठा दिया गया था।
हापुड़ कोतवाली की महिला दरोगा महिला को लेकर मौके पर पहुंची तो घटनास्थल खरखौदा क्षेत्र का निकला। जिस पर दरोगा महिला को लेकर खरखौदा थाने पहुंची। इस पर खरखौदा पुलिस महिला को लेकर घटनास्थल पर पहुुंची, तो वहां काम कर रहे किसानों ने पूछताछ में ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार कर दिया। हापुड़ पुलिस ने पीड़िता को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। साथ ही इस मामले में लिसाड़ी गेट पुलिस द्वारा कार्रवाई करने की बात कही। एसएसआई खरखौदा रविंद्र चंद्रपाल का कहना है कि अधिकारी इस मामले में जैसा आदेश करेंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
खास बातें:
लिसाड़ी गेट निवासी महिला का अपहरण कर हापुड़ रोड बाईपास पर फेंका
हापुड़ और खरखौदा पुलिस सीमा विवाद में फंसी, महिला को भेजा लिसाड़ी गेट