इंचौली थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर कब्रिस्तान में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने कार्रवाई से इनकार करते हुए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
लावड़ चौकी क्षेत्र स्थित ग्राम बिसौला निवासी 20 वर्षीय अंकित उर्फ रिंकू गांव में ही हेयर सेलून पर काम करता था। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे रिंकू खाना खाने के बाद घर से बाहर गया था। देर रात उसके नहीं लौटने पर परिजन यही समझते रहे कि शायद वह किसी दोस्त के घर रुक गया। गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान में बुधवार सुबह रिंकू का शव दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटका देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी के बाद रिंकू का बड़ा भाई हरेंद्र और मां चन्द्रो भी मौके पर पहुंच गए। वहां परिजनों में कोहराम मच गया। इसी बीच पहुंची पुलिस ने शव को फंदेे से उतारकर कब्जे में लेेने का प्रयास किया। इसका परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। हालांकि बाद में परिजनों ने पुलिस को रिंकू द्वारा आत्महत्या किए जाने बात लिखकर देते हुए कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के मुताबिक चार भाइयों में रिंकू तीसरे नंबर का था। उसके दो भाइयों और पिता की बीमारी के चलते पहले ही मौत हो चुकी है। हालांकि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। वहीं, लावड़ चौकी इंचार्ज शिववीर भदौरिया का कहना है कि ग्रामीणों और परिजनों के आग्रह पर शव को परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने कार्रवाई करने से इनकार किया है।
मुख्य बातें
परिजनों ने कार्रवाई से किया इनकार, दुपट्टे से लटकर की आत्महत्या
रिंकू के दो भाई एवं पिता की बीमारी से पहले ही मौत हो चुकी है