यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पांच-पांच सौ के चूरन वाले नोट निकलने के मामले की बैंक हेडक्वार्टर ने जांच शुरू कर दी है। कोलकाता हेड क्वार्टर के अधिकारियों ने ब्रांच मैनेजर से पूछताछ की। हालांकि बैंक मुख्यालय से इस मामले में कार्रवाई को लेकर अभी कोई दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं। इस प्रकरण के बाद निशाने पर आई आउट सोर्सिंग एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड करने की संस्तुति बैंक मैनेजर पहले ही कर चुके हैं। उधर, इस घटना के बाद प्राइवेट एजेंसी को एटीएम में फीडिंग के लिए दूसरे दिन भी कैश नहीं दिया गया है। वैकल्पिक इंतजाम न होने से बैंक के एटीएम से निकासी पूरी तरह ठप है।
रविवार को सुभाषनगर में यूबीआई के एटीएम से पांच सौ के चूरन वाले नोट निकलने का मामला सामने आया था। बदायूं रोड शांतिविहार के इंद्रकुमार शुक्ला को एटीएम से कैश निकालने पर पांच सौ के दो और सुभाषनगर के अशोक कुमार पाठक को एक चूरन वाला (चिल्ड्रेन बैंक) नोट मिला था। भुक्तभोगियों ने इसकी लिखित शिकायत बैंक मैनेजर से करते हुए इसकी वीडियो क्लिपिंग भी दिखाई थी। सिविल लाइंस स्थित बैंक की मुख्य शाखा के मैनेजर बच्चन शॉ की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में बैंक के कोलकाता हेडक्वार्टर ने जांच शुरू कर दी है।
हालांकि प्रारंभिक रिपोर्ट में ब्रांच मैनेजर इस मामले में एटीएम में कैश की फीडिंग करने वाली एजेंसी सिक्योरट्रंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं और उसे ब्लैक लिस्टेड करने की संस्तुति भी भेज दी गई है। मुख्यालय के अधिकारियों ने इस मामले में बैंक प्रबंधक से कई जानकारी जुटाई है। हालांकि इसमें अभी तक दोषी एजेंसी पर कार्रवाई को लेकर कोई आदेश नहीं मिला है। इधर, इस घटना के बाद से बैंक ने दूसरे दिन भी एटीएम में आपूर्ति के लिए एजेंसी को कैश नहीं दिया। बैंक मैनेजर का साफतौर पर कहना है कि मुख्यालय से जब तक कोई आर्डर नहीं आ जाता, वह एजेंसी से काम नहीं लेंगे।
दूसरे बैंकों में मचा रहा हड़कंप, एजेंसी के स्टाफ को कड़ी हिदायत
यूबीआई के एटीएम से चूरन वाले नोट निकलने का मामला सामने आने के बाद दूसरे बैंक अफसरों में भी हड़कंप मचा है। फटे-पुराने और स्याही लगे पुराने नोटों को खपाने में कमीशनबाजी के खेल में निजी एजेंसियां और बैंक अफसरों पर पहले ही उंगली उठती रही हैं। इस बीच नकली नोट निकलने के बाद दूसरे बैंक के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। सूत्र बताते हैं कि इस घटना के बाद बैंक के अफसरों ने एटीएम में कैश की फीडिंग करने वाली एजेंसी के स्टाफ को बुलाकर कड़ी हिदायत दी है कि बैंक या करेंसी चेस्ट से मिलने वाले नोटों की ही फीडिंग एटीएम में हो। पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एटीएम से पांच सौ के चूरन वाले नोट निकलने के मामले में मुख्यालय से पूछताछ शुरू हो गई है। हेडक्वार्टर के अफसर इसे लेकर गंभीर हैं। उनकी तरफ से एक-दो दिन में कार्रवाई के बाबत आर्डर आ जाएगा। तब तक आउट सोर्सिंग एजेंसी से काम नहीं लिया जा रहा है। - बच्चन शॉ, ब्रांच मैनेजर, यूबीआई मुख्य शाखा