अमर उजाला ब्यूरो
रोहटा/मेरठ।
पूठ गंग नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अंतर जनपदीय बाइक चोरी करने वाले गैंग के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो युवक भाग गए। पकड़े गए आरोपियों से चोरी व लूट की नौ बाइक, कटी हुई बाइक के इंजन, आरसी आदि सामान बरामद हुआ है। यह गैंग चोरी और लूट के बाद 100 से ज्यादा बाइक को सोतीगंज में बेचकर कटवा चुका है।
एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार रात इंस्पेक्टर रोहटा सुभाष अत्री टीम के साथ गंग नहर पटरी पूठ पुल पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर चार युवक वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर दो युवक भाग गए, जबकि बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। जांच की तो उनकी बाइक चोरी की निकली। सीओ सरधना संतोष सिंह ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस ने दोनों युवकों की निशानदेही पर अलग अलग स्थानों से आठ बाइक बरामद की। जबकि एक चोरी की बाइक मौके पर मिली थी। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शाहपुर-जैनपुर निवासी विकास और आशीष हैं जबकि इन्हीं के गांव का नरेश व एक अन्य युवक फरार हैं। पुलिस ने नौ बाइक, दो कटी हुई बाइक के इंजन, दस आरसी, 22 बाइकों की नंबर प्लेट बरामद की है। आरोपी बाइक चोरी के बाद उसकी नंबर प्लेट बदलकर दूसरी नंबर प्लेट लगा देते थे।
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
आरोपी विकास ने बताया कि वह कंकरखेड़ा, परतापुर, बागपत रोड, मोदीपुरम और मेडिकल कॉलेज से बाइक चोरी करते थे। मेरठ के अलावा गाजियाबाद, उत्तराखंड, मुजफ्फरनगर, बागपत, नोएडा से पिछले दो साल में सौ से अधिक बाइकों को चोरी कर सोतीगंज में कटवा चुके हैं। एक माह पहले सरधना में नहर पर तमंचे के बल पर बाइक लूटी थी। मोदीनगर और जानी में भी बाइक लूट कर चुके हैं। चोरी की बाइकों को दिन निकलने से पहले ही सोतीगंज में पहुंचा देते थे। कुछ बाइकों को बंद घर में ले जाकर काटते थे, उसके बाद सोतीगंज में पहुंचा देते थे।
चार से पांच हजार में बेचते थे बाइक
आरोपियों ने बताया कि सिर्फ अपाचे बाइक और नई बाइक को बेचने पर सात से आठ हजार रुपये मिलते थे। इसके अलावा अन्य जो भी बाइक थीं, उन्हें चार से पांच हजार रुपये में बेचा जाता था। दोनों युवकों ने सोतीगंज में बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलने की भी बात कही। पुलिस ने एक कबाड़ी के गोदाम पर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।