पुलिस ने थाना क्षेत्र के झिटकरी गांव निवासी दूध विक्रेता पर बुधवार रात हुए जानलेवा हमले की शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल दूधिया की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज एवं जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, घायल दूधिया का मेरठ के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
झिटकरी निवासी पचास वर्षीय राजकुमार उर्फ चाहते पुत्र ओमवीर सिंह दूध का व्यापार करता है। वह बुधवार रात बाइक द्वारा नगर से दूध सप्लाई करके गांव लौट रहा था। बीच रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उस पर गोली चला दी थी। जिससे वह घायल हो गया था। इसी दौरान विधायक संगीत सोम के तहसील रोड स्थित कार्यालय से विनोद कुशावली गांव लौट रहे थे। उन्होंने घायल राजकुमार उर्फ चाहते तो उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। इस मामले में दो दिन तक घायल की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। शुक्रवार को घायल राजकुमार उर्फ चाहते की पत्नी सुदेश की तहरीर पर पुलिस ने संजय, निरंजन पुत्रगण मिट्ठन, मनोज पुत्र सुरेंद्र एवं राहुल पुत्र निरंजन के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी के साथ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्य बातें
बीती बुधवार रात दूध सप्लाई करके ग्राम झिटकरी लौटते समय बाइक सवार लोगों ने मार दी थी गोली
पीड़ित की पत्नी ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया