दो युवकों पर बेहोश कर जलाने का आरोप
मेरठ। गांव जई के समीप एक बाग में बृहस्पतिवार को एक किशोर अधजली हालत में बेहोश मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर को मेडिकल में भर्ती कराया। होश आने पर किशोर ने गांव के दो युवकों पर उसे बेहोश कर जलाने का आरोप लगाया है। परिजन पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए किशोर को अपने साथ ले गए।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव जई के समीप एक बाग के अंदर किशोर अधजली हालत में बेहोश पड़ा था। बाग में काम करने वाले मजदूरों ने किशोर को देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर को मेडिकल में भर्ती कराया। एसओ भावनपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि किशोर का कमर से नीचे का कुछ हिस्सा जला हुआ था। वहीं युवक की पहचान मवाना के कल्याण मोहल्ला निवासी नाजिम (16) पुत्र अजरूद्दीन के रूप में हुई। सूचना मिलने पर किशोर के परिजन भी मेडिकल पहुंच गए। नाजिम ने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गांव के ही दो युवकों पर बहला फुसलाकर बाग में लाकर नशीली कोल्ड ड्रिंक्स पिलाकर बेहोश कर जलाने का आरोप लगाया। वही नाजिम के परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से साफ इंकार कर दिया। एसओ भावनपुर ने मामले में पुरानी रंजिशन विवाद होने की आशंका जताई है। इस संबंध में एसओ आशुतोष ने बताया कि फिलहाल परिजन किशोर नाजिम को अपने साथ ले गए। वही तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
खास बातें:
परिजनों ने किया कार्रवाई से इनकार